गयाजी। पूर्व मध्य रेलवे के डीडीयू मंडल अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट गया द्वारा ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत सोमवार को बड़ी कार्रवाई की गई। आरपीएफ ने गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या-06 पर दो युवकों को चार चोरी के मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया। आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक बनारसी यादव के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने प्लेटफॉर्म के दिल्ली छोर पर शौचालय के पास दोनों संदिग्धों को पकड़ा। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अनिश कुमार (22 वर्ष) और आशुतोष कुमार (20 वर्ष), दोनों भोजपुर जिले के निवासी के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान अनिश कुमार के पास से सैमसंग और वीवो कंपनी के दो मोबाइल तथा आशुतोष कुमार के पास से पोको और रेडमी कंपनी के दो मोबाइल बरामद किए गए। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 56 हजार रुपये बताई गई है। मामले में अआशाखा गया की शिकायत पर जीआरपी थाना गया में कांड संख्या 28/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(5) में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।












