बेलागंज। नगर प्रखंड क्षेत्र की बारा पंचायत में बुधवार को पैक्स चुनाव शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हुआ। मतदान के लिए गंगापुर स्थित पैक्स भवन में दो मतदान केंद्र बनाए गए थे, जहां सुबह से ही मतदाताओं में उत्साह देखा गया। पुरुषों और महिलाओं ने कतारबद्ध होकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।प्रखंड निर्वाचन पदाधिकारी सह बीडीओ प्रदीप कुमार चौधरी ने बताया कि बारा पंचायत में कुल 1112 मतदाता हैं जिसमें 747 अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पूरे मतदान के दौरान चाकंद थाना अध्यक्ष शिवम कुमार पुलिस बल के साथ मतदान केंद्र पर तैनात रहे तथा सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए रखे। बीडीओ श्री चौधरी ने बताया कि पैक्स अध्यक्ष पद के लिए तीन प्रत्याशी ओम प्रकाश निराला और पिंटू कुमार , सौरव कुमार चुनाव मैदान में थे। तीनों प्रत्याशियों के समर्थकों में मतदान को लेकर उत्साह देखा गया, हालांकि पूरे मतदान के दौरान कहीं से भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। उन्होंने बताया कि मतदान समाप्त होने तक कुल 67.17 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जिसे संतोषजनक माना जा रहा है। मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटियों को सुरक्षा के बीच मतगणना स्थल पर पहुंचाया गया। बीडीओ ने बताया कि बुधवार देर शाम तक मतगणना पूरी कर ली जाएगी तथा विजयी प्रत्याशी को निर्वाचन प्रमाण-पत्र प्रदान कर दिया जाएगा। शांतिपूर्ण मतदान संपन्न होने पर पुलिस प्रशासन ने सभी मतदाताओं, चुनाव कर्मियों एवं सुरक्षा बलों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
