औरंगाबाद। जिले के रफीगंज थाना परिसर में मंगलवार को सुबह थानाध्यक्ष शंभू कुमार की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी होली एवं रमजान पर्व को लेकर प्रशासनिक तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई।
थानाध्यक्ष शंभू कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की हुड़दंग, अशांति या माहौल बिगाड़ने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि “पुलिस हर गतिविधि पर पैनी नजर रखेगी। असामाजिक तत्वों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखी जा रही है, अफवाह फैलाने वालों को चिन्हित कर कार्रवाई होगी।”
वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमार अश्विनी ने कहा कि दोनों पर्व आपसी सौहार्द और भाईचारे का संदेश देते हैं। प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और विवादित एवं संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर वहां विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और किसी प्रकार की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
इस दौरान राजस्व पदाधिकारी सलाह असमर ने कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन और समाज दोनों की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही पर्व के दौरान जुलूस मार्गों की निगरानी, बिजली-पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष कंट्रोल रूम की तैयारी की जा रही है।
बैठक में भाजपा जिला मंत्री सुबोध कुमार सिंह, वार्ड पार्षद सह राजद वरिष्ठ नेता नुरुल होदा खान, वार्ड पार्षद सुबोध कुमार शर्मा, राजू प्रसाद गुप्ता, रंजीत यादव, मो. असलम सहित दर्जनों सामाजिक कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक के अंत में सभी जनप्रतिनिधियों ने एक स्वर में क्षेत्र में शांति, सद्भाव और भाईचारे का माहौल बनाए रखने का संकल्प लिया। प्रशासन ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि मिल-जुलकर पर्व मनाएं और रफीगंज की गंगा-जमुनी तहजीब को बरकरार रखें।












