गयाजी। यह गया का एसएसपी कार्यालय है… जहां वर्दी सिर्फ कानून की नहीं, सेहत की भी जांच दे रही है।
स्वास्थ्य विभाग ने यहां हेल्थ चेकअप कैंप लगाया… और तस्वीर दिलचस्प रही। करीब 165 पुलिसकर्मियों की जांच हुई। ज्यादातर फिट एंड फाइन मिले। लेकिन ड्यूटी की भागदौड़ का असर भी दिखा। 23 जवान हाई बीपी के मरीज निकले। 18 में शुगर पाई गई। कुछ में स्तर ज्यादा था।
66 पुलिसकर्मी गैस, सर्दी-खांसी और अन्य सामान्य समस्याओं से जूझते मिले।
डॉक्टरों का कहना कि पुलिस की लगातार फिजिकल एक्टिविटी ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। अगर यही जांच किसी दफ्तर में होती तो आंकड़े शायद ज्यादा चिंताजनक होते।
कैंप में 160 पुलिसकर्मियों को फाइलेरिया रोधी दवा भी दी गई।
डॉक्टरों का संदेश है कि फिट रहना है तो व्यायाम जरूरी है। नमक कम करें। और समय-समय पर जांच कराते रहें।












