अज्ञात कंटेनर की टक्कर से युवक की मौत, एनएच-2 पर घंटों जाम।
शेरघाटी।नेशनल हाईवे-2 पर हमज़ापुर के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। अज्ञात कंटेनर वाहन ने युवक को टक्कर मार दी, जिसके बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। हादसे में मृतक की पहचान कोच थाना क्षेत्र के बैकटपुर गांव निवासी शिवशंकर ठाकुर के 24 वर्षीय पुत्र आशुतोष कुमार के रूप में की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे और गुस्से में शव को नेशनल हाईवे पर रखकर मुआवजे व न्याय की मांग करने लगे। इससे एनएच-2 की एक लेन पर कई घंटों तक आवागमन बाधित रहा और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना पाकर आमस थाना अध्यक्ष धनंजय कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गया स्थित मगध मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
परिजनों ने बताया कि आशुतोष स्प्लेंडर बाइक से बांकेबाजार के डुमरामा गांव से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कंटेनर ने उसे कुचल दिया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन की तलाश में जुटी है।












