बेलागंज। बेलागंज और चाकंद थाना क्षेत्र में आयोजित लोक संवाद गोष्ठी में स्थानीय समस्याओं के साथ-साथ अपराध नियंत्रण और नशे के कारोबार का मुद्दा प्रमुखता से उठा। पुलिस अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनने के साथ ही अपराध पर नियंत्रण के लिए आम लोगों से सहयोग की अपील की। बेलागंज थाना क्षेत्र के अकथू कचनपुर पंचायत स्थित मध्य विद्यालय फतेहपुर में थानाध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में गोष्ठी हुई। यहां ग्रामीणों ने घरेलू विवाद और जमीन से जुड़े मामलों की जानकारी पुलिस को दी। वहीं चाकंद स्टेशन बाजार में थानाध्यक्ष शिवम कुमार की अध्यक्षता में आयोजित संवाद कार्यक्रम में राष्ट्रीय राजमार्ग पर ऑटो और दुकानों के कारण हो रहे अतिक्रमण का मामला उठाया गया। लोगों ने बताया कि पुलिस की कार्रवाई के बाद सड़क किनारे से दुकानें हटाई जाती हैं, लेकिन कुछ समय बाद दोबारा अतिक्रमण कर लिया जाता है।
गोष्ठी में लोगों ने चाकंद थाना क्षेत्र में सूखे नशे के कारोबार पर पुलिस की कार्रवाई की सराहना की। हालांकि, चाकंद और बेलागंज थाना की सीमा पर कचनपुर काली के आसपास इसके फिर से सक्रिय होने की शिकायत की गई। इस पर थानाध्यक्ष शिवम कुमार ने कहा कि बेलागंज थानाध्यक्ष से इस संबंध में बातचीत हुई है। दोनों थाना की पुलिस संयुक्त रूप से कार्रवाई कर नशे के कारोबारियों के खिलाफ अभियान चलाएगी। उन्होंने बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं को देखते हुए लोगों से अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की।
