कोंच (गया)। कोंच प्रखंड स्थित दौलतपुर प्राथमिक विद्यालय उत्तरी के प्रभारी प्रधानाध्यापक नवीन कुमार ने अपने ऊपर लगे वित्तीय अनियमितता और अन्य आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। रविवार दोपहर 3 बजे गया में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि उनकी छवि धूमिल करने के लिए साजिश रची जा रही है।
नवीन कुमार वर्तमान में पितृपक्ष मेला महासंगम में आवासन प्रभारी की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि न तो किसी तरह की वित्तीय गड़बड़ी की गई है और न ही किसी दस्तावेज पर फर्जी हस्ताक्षर किए गए हैं। उन्होंने बताया कि कई बार प्रधान शिक्षिका को प्रभार देने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने स्वीकार नहीं किया। मध्यान्ह भोजन में मेन्यू के अनुसार फल और अंडा समय पर उपलब्ध कराया गया है।
प्रभारी प्रधानाध्यापक ने कहा कि पूर्व में भी इस प्रकार के आरोप लगाए गए थे, जिन्हें जांच में निराधार पाया गया। उनका आरोप है कि कुछ लोग पैसों की मांग पूरी न होने पर झूठी शिकायत कर उन्हें परेशान कर रहे हैं।
इस मामले में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अभय कुमार रमन ने बताया कि आरोपों पर स्पष्टीकरण मांगा गया था। स्पष्टीकरण प्राप्त हो चुका है और अब जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।












