Wednesday, February 11, 2026
HomeBiharगया कॉलेज के प्रबंधन विभाग में एमबीए चतुर्थ सेमेस्टर की प्रोजेक्ट वायवा...

गया कॉलेज के प्रबंधन विभाग में एमबीए चतुर्थ सेमेस्टर की प्रोजेक्ट वायवा परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न

गयाजी।गया कॉलेज के प्रबंधन विभाग में बृहस्पतिवार, दिनांक २४ जुलाई २०२५ को एमबीए चतुर्थ सेमेस्टर के विद्यार्थियों की प्रोजेक्ट वायवा परीक्षा अत्यंत सुव्यवस्थित एवं अनुशासित वातावरण में सम्पन्न हुई।

इस अवसर पर मगध विश्वविद्यालय, बोधगया के वाणिज्य-सह-प्रबंधन संकाय के भूतपूर्व संकायाध्यक्ष डॉ. गिरीश नंदन शर्मा तथा सामाजिक विज्ञान संकाय के पूर्व संकायाध्यक्ष डॉ. अश्विनी कुमार की गरिमामयी उपस्थिति बाह्य परीक्षक के रूप में रही। दोनों वरिष्ठ शिक्षाविदों ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत शोध कार्यों की गंभीरता से समीक्षा की।

प्रबंधन विभागाध्यक्ष डॉ. अम्बरीष नारायण ने बताया कि एमबीए सत्र २०२३-२५ के विद्यार्थियों के लिए यह महाविद्यालय में उनका अंतिम शैक्षणिक दिवस था, जिसे उन्होंने अत्यंत आत्मीयता और गरिमा के साथ विदाई स्वरूप रूपांतरित कर दिया। विद्यार्थियों ने सभी शिक्षकों से अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए स्नेहिल आशीर्वाद प्राप्त किया। विभागाध्यक्ष ने कहा, “हर विदाई एक नई शुरुआत होती है। हमें गर्व है कि हम ऐसे विद्यार्थियों को विदा कर रहे हैं जो अपने ज्ञान, व्यवहार और मूल्यों के लिए सदैव स्मरणीय रहेंगे।”

गया कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सतीश सिंह चंद्र ने कहा कि प्रोजेक्ट वायवा जैसी प्रक्रियाएं विद्यार्थियों के लिए न केवल शैक्षणिक मूल्यांकन का अवसर होती हैं, बल्कि उनके भीतर संवाद कौशल, प्रस्तुतीकरण क्षमता एवं विषय की व्यावहारिक समझ को भी विकसित करती हैं। उन्होंने एमबीए चतुर्थ सेमेस्टर के समस्त छात्र-छात्राओं को उनके स्वर्णिम भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गया कॉलेज को विश्वास है कि हमारे विद्यार्थी समाज और उद्योग जगत में अपनी विशिष्ट पहचान बनाएंगे। साथ ही, उन्होंने बाह्य परीक्षकों के प्रति भी आभार व्यक्त किया।

इस परीक्षा को सफल बनाने में विभागीय शिक्षक डॉ. सुशांत मुखर्जी, अमृता सिन्हा, अजीत राज सहित कर्मचारीगण सैयद खान, शाहिदा, कामिनी, उमेश, लालेश्वर एवं शीला का विशेष योगदान रहा।

Most Popular

error: Content is protected !!