Monday, March 16, 2026
HomeBiharरेलवे सुरक्षा बल ने गयाजी रेलवे स्टेशन पर दो नाबालिग सुरक्षित बरामद...

रेलवे सुरक्षा बल ने गयाजी रेलवे स्टेशन पर दो नाबालिग सुरक्षित बरामद किया, चाइल्ड हेल्प डेस्क को सौंपा गया

गयाजी। गयाजी रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (रेसुब) ने दो नाबालिग लड़कों को सुरक्षित बरामद किया। ड्यूटी अधिकारी उनि अजय तिग्गा, सउनि रणधीर कुमार और आरक्षी रोशन कुमार प्लेटफॉर्म संख्या 01 पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान दिल्ली एंड की ओर दो नाबालिग लड़के डरे-सहमे हालत में दिखाई दिए। पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर दोनों लड़कों की उम्र करीब 13 वर्ष बताई गई। दोनों रोहतास जिले के डेहरी ऑन सोन थाना क्षेत्र के पहलेजा पोस्ट अंतर्गत सुवारा गांव के रहने वाले हैं और डेहरी ऑन सोन के एक स्कूल में पढ़ते हैं। एक छात्र कक्षा 6 में तथा दूसरा कक्षा 7 में अध्ययनरत है। बच्चों ने बताया कि वे घर में ट्यूशन पढ़ने जा रहे हैं, ऐसा कहकर गाड़ी संख्या 13306 सासाराम-धनबाद इंटरसिटी एक्सप्रेस से डेहरी ऑन सोन से गया आ गए। बातचीत के दौरान एक बच्चे ने बताया कि उसके मामा पढ़ाई को लेकर अक्सर डांटते हैं, वहीं दूसरे बच्चे ने कहा कि उसके पिता भी पढ़ाई को लेकर उसे डांटते रहते हैं। इसी वजह से दोनों बच्चे घर से निकल आए। रेसुब कर्मियों ने दोनों नाबालिगों को समझा-बुझाकर सहज किया और उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेसुब पोस्ट गया लाया गया। किसी भी अनहोनी या मानव तस्करी की आशंका से बचाने के लिए रेलवे चाइल्ड हेल्प डेस्क गया के सुपरवाइजर सावन कुमार दुबे एवं मोहम्मद मकसूद आलम को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर दोनों अधिकारी रेसुब पोस्ट पहुंचे, जहां उनि अजय तिग्गा द्वारा दोनों नाबालिग बच्चों को सकुशल और सुरक्षित चाइल्ड हेल्प डेस्क के सुपुर्द कर दिया गया। आगे की कार्रवाई चाइल्ड हेल्प डेस्क द्वारा बच्चों के परिजनों से संपर्क कर उनके सुरक्षित पुनर्वास के लिए की जा रही है।

Most Popular

error: Content is protected !!