वजीरगंज। राजकीयकृत मध्य विद्यालय पुनावां वजीरगंज परिसर में सोमवार को सशस्त्र सीमा बल के क्षेत्रक मुख्यालय गया जी के जवानों ने वृक्षारोपण अभियान के तहत छात्र – छात्राओं और शिक्षकों की सहायता से 200 फलदार एवं इमारती पौधे लगाये। मौके पर जवानों ने बच्चों को बताया कि धरती पर लगातार पेड़ – पौधे एवं जंगलों का सफाया हो रहा है, जिसके कारण तापमान में बढ़ोत्तरी देखी जा रही है। तापमान के बढ़ने से जलवायु में परिवर्त्तन हो रहा है और मौसम का संतुलन बिगड़ने से पूरे जीवों पर इसका दुष्प्रभाव बढ़ रहा है। हमलोग इसका प्रभाव बेहद गर्मी और अत्यधिक वर्षा, सुखाड़, भीषण ठंढ के रूप में महसूस कर रहे हैं, जो धीरे – धीरे बढ़ता हीं जा रहा है। इसका एक मात्र उपाय अधिक से अधिक पौधा लगाना है। जिसके लिये वृहद पैमाने पर वृक्षारोपण का कार्यक्रम क्षेत्रक मुख्यालय उप महानिरीक्षक मानवेन्द्र जी के मार्गदशन में किया जा रहा है। आप सभी बच्चे अपने – अपने नाम से एक पौधा जरूर लगायें तथा उसके व्यस्क होने तक उसकी देखभाल करें तभी यह अभियान सफल हो पायेगा। छात्र – छात्राओं एवं शिक्षकों ने मिलकर पौधारोपण किया।












