आमस। शुक्रवार सुबह आमस पुलिस ने रामपुर पंचायत के सोहराई बीघा गांव के पास कोइल नहर से दो व्यक्तियों के शव बरामद किए। शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया और सैकड़ों लोग घटनास्थल पर जुट गए। मृतकों की पहचान ग्राम लिम्बुआ बहेरा निवासी देवराज यादव (45 वर्ष), पिता मटुकी यादव, और ग्राम लिम्बुआ टोला सोहराई बीघा निवासी पंडित मांझी (65 वर्ष) के रूप में हुई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पंडित मांझी गुरुवार को खेत में पटवन के लिए नहर में मोटर लगा रहे थे। इसी दौरान वे और देवराज यादव नहर किनारे काम कर रहे थे। शाम करीब 8 बजे, पंडित मांझी के छोटे भाई सोमर मांझी जब केबिन पर खाना लेकर पहुंचे तो दोनों वहां नहीं मिले। सुबह खोजबीन के दौरान नहर में देवराज यादव का शव मिला। सूचना मिलते ही आमस थाना अध्यक्ष पवन कुमार दल-बल के साथ पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल भेजा। लगभग आठ घंटे बाद, उसी स्थान से पंडित मांझी का शव भी बरामद किया गया।
घटना की जानकारी पर शेरघाटी एसपी शैलेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि एक ही स्थान से दो शव बरामद हुए हैं, और सभी पहलुओं पर जांच जारी है। यह हत्या है या हादसा, फिलहाल पुलिस ने स्पष्ट करने से इनकार किया है।
इस घटना से दोनों गांवों में मातम पसरा हुआ है। परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं और मृतकों के घरों में कोहराम मचा है।
शेरघाटी से रंजीत कुमार सिंह की रिपोर्ट












