प्रेस वार्ता में विनय कुमार ने खोले कई कथित घोटालों के राज।
गया जिले के शेरघाटी नगर परिषद में कथित आर्थिक अनियमितताओं को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। शुक्रवार को कृष्णा होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व मुख्य पार्षद प्रतिनिधि सह भाजपा मीडिया प्रभारी विनय कुमार ने नगर परिषद की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने मुख्य पार्षद और कार्यपालक पदाधिकारी पर मिलीभगत कर बड़े पैमाने पर घोटाले करने का आरोप लगाया।
विनय कुमार ने बताया कि फाउंटेन, पेंटिंग, वाटर एटीएम, लाइटिंग और ओपन जिम जैसे कार्यों में नियमों की अनदेखी करते हुए संदिग्ध कंपनियों को टेंडर दिए गए। उनका आरोप है कि कई फर्मों के पास आवश्यक दस्तावेज नहीं थे, इसके बावजूद उन्हें काम सौंपा गया। पेंटिंग कार्य में मानकों की अनदेखी कर लगभग 1 करोड़ 14 लाख 20 हजार रुपये की गड़बड़ी का दावा भी किया गया।
उन्होंने कहा कि कई निविदाएं परिचितों और रिश्तेदारों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से दी गईं। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए उन्होंने बिहार सरकार के नगरीय विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव को पत्र भेजा है और उच्च स्तरीय जांच, कॉल डिटेल की जांच तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
