तिरंगा लाइट, ओवरब्रिज पेंटिंग और ‘आई लव शेरघाटी’ बोर्ड बना आकर्षण का केंद्र।
शेरघाटी। शहर इन दिनों रात के समय नई पहचान के साथ चमकता नजर आ रहा है। नगर परिषद की ओर से लगाए गए स्ट्रीट लाइट और तिरंगे रंग की लाइटों ने पूरे शहर का नजारा बदल दिया है। जैसे ही शाम ढलती है, सड़कों पर जगमगाती रोशनी लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लेती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अब शेरघाटी पहले जैसा नहीं रहा। रात में शहर की चमक देखकर ऐसा एहसास होता है मानो किसी बड़े महानगर में पहुंच गए हों।
नगर परिषद कर्मियों के अनुसार परिषद कार्यालय के पीछे से रिंग रोड होते हुए ओवरब्रिज तक तिरंगा लाइट और स्ट्रीट लाइट का काम लगभग पूरा कर लिया गया है। फ्लावर क्षेत्र में भी स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य जारी है, जबकि कई अन्य स्थानों पर यह काम पूरा हो चुका है।
ओवरब्रिज को भी स्वच्छ भारत मिशन के तहत आकर्षक पेंटिंग से सजाया गया है। यहां गौतम बुद्ध, कमल का फूल और हाथी की कलाकृतियां बनाई गई हैं, जो राहगीरों का ध्यान खींच रही हैं। बस स्टैंड स्थित यात्री शेड के ऊपर लगाया गया ‘आई लव शेरघाटी’ का भव्य लाइट बोर्ड भी लोगों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। रात के अंधेरे में यह बोर्ड शहर की नई पहचान बनकर उभर रहा है।
इसके अलावा जेपी चौक में एक नए पार्क का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। बताया जा रहा है कि पार्क में विभिन्न प्रकार के फूल-पौधे और आकर्षक पौधारोपण किया जाएगा, जिससे शहरवासियों को एक सुंदर और सुकूनभरा वातावरण मिल सके।
कुल मिलाकर नगर परिषद की इस पहल से शहर में न सिर्फ रोशनी बढ़ी है, बल्कि लोगों के मन में भी सकारात्मकता और गर्व की भावना देखी जा रही।













