Wednesday, April 1, 2026
HomeBiharतेज रफ्तार क्रेटा कार ने दो टोटो को मारी टक्कर, आधा दर्जन...

तेज रफ्तार क्रेटा कार ने दो टोटो को मारी टक्कर, आधा दर्जन से अधिक घायल

शेरघाटी। आमस थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-2 हम्जापुर मोड़ के पास बुधवार को एक तेज रफ्तार क्रेटा कार ने यात्रियों से भरे दो टोटो में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बांकेबाजार से शेरघाटी जाने के दौरान दोनों टोटो नेशनल हाईवे पार कर रहे थे। इसी दौरान औरंगाबाद से शेरघाटी की ओर आ रही तेज रफ्तार क्रेटा कार अनियंत्रित होकर दोनों टोटो से टकरा गई।

घटना में रोशनगंज थाना क्षेत्र के सोनपुर निवासी उपेंद्र मांझी एवं उनकी पत्नी सुमंती देवी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों के सिर में चोट बताई जा रही है। वहीं बांकेबाजार थाना क्षेत्र के डोंगिला निवासी कृष्ण पासवान का दाहिना पैर फ्रैक्चर हो गया है।

अन्य घायलों में रोशनगंज थाना क्षेत्र के धमनिया गांव निवासी विशाल कुमार, दीवान बीघा गांव निवासी दानिश अंसारी, शबाना और उनका पुत्र अदनान शामिल हैं।

सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से शेरघाटी अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कृष्ण पासवान सहित दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए गया के मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।

बताया जाता है कि क्रेटा कार में सवार लोग इलाहाबाद से टाटा जमशेदपुर जा रहे थे। कार में सवार एक महिला को भी हल्की चोट आई है।
घटना की सूचना मिलते ही आमस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए क्रेटा कार और दोनों टोटो को जब्त कर थाने ले गई है।

Most Popular

error: Content is protected !!