आमस से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। आमस थाना क्षेत्र के अकौना स्थित राजू पेट्रोल पंप के पास एक तेज रफ्तार मारुति शिफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में जा गिरी। बताया जा रहा है कि उस गड्ढे में काफी मात्रा में पानी भरा हुआ था, जिसके कारण कार पूरी तरह डूब गई और चालक को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। इस हादसे में ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार में कुल दो लोग सवार थे और शिफ्ट डिजायर कोलकाता से दिल्ली की ओर जा रहा था। जैसे ही दुर्घटना हुई, आसपास के स्थानीय लोग शोर सुनकर घटनास्थल पर पहुंचे। बिना अपनी जान की परवाह किए कई लोग गहरे पानी से भरे गड्ढे में कूद पड़े और काफी मशक्कत के बाद एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को बाहर निकाला। उसे तत्काल शेरघाटी अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही आमस थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गया स्थित अनुग्रह नारायण मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है












