गयाजी।ट्रेन संख्या 13152 डाउन जम्मूतवी–कोलकाता एक्सप्रेस पर गया यार्ड में किमी संख्या 471/20 पर पथराव की घटना सामने आई। इस संबंध में मार्गरक्षण पार्टी इंचार्ज प्र0आ0 बृज भूषण मिश्रा के शिकायत पत्र पर रेल थाना गया में मु0आ0सं0-69/26 दर्ज किया गया। मामला रेलवे अधिनियम की धारा 153/147 के तहत अज्ञात के खिलाफ दर्ज कर जांच उ0नि0 धीरेंद्र कुमार को सौंपी गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए निरीक्षक प्रभारी बनारसी यादव व अपराध आसूचना शाखा के निरीक्षक चंदन कुमार के नेतृत्व में आरपीएफ की विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना, घटना का वीडियो, हुलिया व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 23 वर्षीय मोहम्मद आरिफ उर्फ अमन को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने गुस्से में चलती ट्रेन पर पत्थर फेंकने की बात स्वीकार की। आरपीएफ गया की टीम ने घटना के मात्र 8 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का उद्भेदन किया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।












