गयाजी। रक्षाबंधन का पर्व गया जिले में धूमधाम के साथ मनाया गया। मुफस्सिल थाना परिसर में पुलिसकर्मियों के बीच बहनों ने राखी बांधी। पवित्र श्रावण पूर्णिमा के अवसर पर शहर के शिव मंदिरों में आस्था और श्रद्धा का हुजूम उमड़ पड़ा। ओम नमः शिवाय और हर हर महादेव की गूंज दिनभर शिवालयों में गूंजता रहा। श्रावण महीने के समापन पर शनिवार को शुभ मुहूर्त के अनुसार रक्षाबंधन और श्रावणी पूर्णिमा का पर्व जिले में हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। भक्तों ने भगवान शिव की विशेष पूजा अर्चना कर आरोग्य मंगलमय जीवन की कामना की। महिलाओं ने भगवान शिव को रक्षा सूत्र बांधा और आशीर्वाद लिया। वहीं देर शाम शिव मंदिरों में भगवान शिव का रंग बिरंगे फूलों से श्रृंगार किया गया। शहर के सभी मंदिरों में भक्तों की सुबह से काफी भीड़ रही। भक्तों ने सबसे अधिक भीड़ मारकंडेश्वर महादेव में देखी गई,जहां पर दर्शन पूजन करने के लिए श्रद्धालुओं की लाइन लगी रही
शहर के रामशिला स्थित बाबा पातालेश्वर महादेव, पिता महेश्वर स्थित ब्रह्मा कल्पित पिता परमेश्वर महादेव, ब्राह्मणी घाट स्थित फलकेश्वर महादेव, अक्षयवट स्थित वृद्धपिता परमेश्वर महादेव, दांडी बाग स्थित झारखंडेश्वर महादेव, मंगला गौरी मंदिर स्थित रुद्रा एकादश एवं मंगलेश्वर महादेव के टेकारी रोड स्थित पंचमुखी महादेव, महादेव घाट, लग्नेश्वर महादेव, विष्णुपद स्थित बड़े महादेव, गोदावरी स्थित गिरिदेश्वर महादेव चाणक्यपुरी कॉलोनी स्थित शिव मंदिर, बुनियादगंज स्थित बुढ़वा महादेव, मनोकामना मंदिर आदिद मंदिरों में भक्तों की अपार भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ पर भांग, धतूरा, बेलपत्र, पुष्प माला, गंगाजल, मधु,दही, शक्कर,गुड़,दूध, गंधक, रोड़ी, चंदन फूल से विशेष पूजा अर्चना कर जलाभिषेक किया।
श्रावणी पूर्णिमा पर दिनभर शिव मंदिरों में रुद्राष्टक पाठ,रुद्राभिषेक, महामृत्युंजय पाठ और हवन पूजन का सिलसिला दिन भर चलता रहा। सावन की आखिरी दिन शहर के सभी मंदिरों में भंडारा का प्रसाद भक्तों के बीच वितरित किया गया।
वहीं दूसरी ओर श्रावण पूर्णिमा को लेकर शिव मंदिरों में भगवान शिव की फलों और फूलों से विशेष श्रृंगार किया गया। मंगला गौरी मंदिर स्थित मारकंडेश्वर महादेव मंदिर में गिरी परिवार की ओर से विशेष पूजा अर्चना।












