मोतीहारी जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। पुलिस को खुली चुनौती देते हुए हथियारबंद बदमाशों ने दिन के उजाले में बीच बाजार से एक किराना दुकान में घुसकर पिस्टल की नोक पर करीब एक लाख रुपये लूट लिए और फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
घटना घोड़ासहन थाना क्षेत्र के मदरसा चौक की है, जहां रविवार शाम करीब 5:30 बजे उजले रंग की अपाचे बाइक से पहुंचे तीन बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने अपने चेहरे ढंक रखे थे। दुकान के अंदर घुसते ही उन्होंने शटर गिरा दिया और हथियार दिखाकर दुकानदार को भयभीत किया। इसके बाद काउंटर में रखे करीब एक लाख रुपये लूटकर बाइक से फरार हो गए। पीड़ित दुकानदार स्थानीय गांधीनगर निवासी राजेश कुमार उर्फ मुन्ना जयसवाल ने बताया कि बदमाश पूरी तरह सुनियोजित तरीके से आए थे और कुछ ही मिनटों में लूट की घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। वारदात इतनी तेजी से हुई कि आसपास के दुकानदार कुछ समझ ही नहीं पाए।
घटना की सूचना मिलते ही घोड़ासहन थानाध्यक्ष संजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। डीएसपी ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने पीड़ित से पूछताछ की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस बदमाशों की पहचान और उनके भागने की दिशा का पता लगाने में जुटी हुई है।
थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि करीब ढाई से तीन साल पहले भी इसी दुकानदार पर गोली मारकर लूट का असफल प्रयास किया गया था, जिससे इलाके में दहशत और गहरी हो गई है।
*मोतिहारी से जिला ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट*












