Sunday, March 15, 2026
HomeBiharसरपंच ने जमीन सर्वे को लेकर अपनाया अनोखा तरीका। लोग कर रहे...

सरपंच ने जमीन सर्वे को लेकर अपनाया अनोखा तरीका। लोग कर रहे हैं सराहना

शेरघाटी/ अनुमंडल के बाँकेबाजार प्रखंड अंतर्गत रौशनगंज पंचायत की सरपंच अस्मीता कुमारी ने जमीन सर्वे को लेकर एक सराहनीय पहल की है। उन्होंने पंचायत भवन में वंशावली और मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित फॉर्म अपनी लागत पर उपलब्ध कराए हैं, ताकि आम लोगों को फोटोकॉपी दुकान या अन्य जगहों का चक्कर न लगाना पड़े। इस पहल से ग्रामीणों का समय और मेहनत दोनों की बचत होगी।

सरपंच अस्मीता कुमारी ने बताया कि जमीन सर्वे को लेकर क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल है। जानकारी के अभाव में लोग बिचौलियों के झांसे में आ रहे हैं, जिससे उन्हें कोर्ट और अंचल कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्रामीणों को घबराने की आवश्यकता नहीं है, बस सभी जरूरी दस्तावेज इकट्ठा कर शिविर में समय पर जमा करना है।

उन्होंने अपील की कि बटवारे से जुड़े मामलों में सभी पाटीदार आपसी सहमति से सिड्यूल तैयार कर अंचल कार्यालय जमा करें और विवादों से बचें। सरपंच ने चेतावनी दी कि जमीन विवाद को लेकर अक्सर भाई-भाई के बीच झगड़े हो रहे हैं। ऐसे में लोग किसी के बहकावे में न आएं और अधिक जानकारी के लिए ग्राम कचहरी या अंचल कार्यालय से संपर्क करें।

Most Popular

error: Content is protected !!