भक्तिमय रहा माहौल
पूर्णाहुति और प्रसाद वितरण के साथ यज्ञ में श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़।
बेलागंज।बेलागंज प्रखंड क्षेत्र के पाई बिगहा स्थित प्राचीन सूर्य मंदिर परिसर में आयोजित सात दिवसीय वैदिक यज्ञ रविवार को श्रद्धा, भक्ति और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। यज्ञ के समापन अवसर पर मंदिर परिसर और आसपास का इलाका भक्तिमय माहौल से सराबोर नजर आया। अंतिम दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु यज्ञ स्थल पर पहुंचे और विधि-विधान से हवन कर पूर्णाहुति दी। यज्ञ के दौरान आचार्यों द्वारा उच्चारित वैदिक मंत्रों से वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया। श्रद्धालुओं ने यज्ञ मंडप की परिक्रमा कर सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। अंतिम दिन यज्ञ मंडप की फेरी देने को लेकर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा। पूर्णाहुति के उपरांत मंदिर परिसर में विशाल स्तर पर प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। आयोजन को लेकर प्रशासन और आयोजन समिति द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से निपटने के लिए पाई बिगहा थाना, मेन थाना और बेलागंज थाना की पुलिस बल को तैनात किया गया था। पुलिस बल लगातार यज्ञ स्थल और आसपास के क्षेत्रों में गश्त करता रहा, जिससे श्रद्धालुओं ने भी राहत और सुरक्षा का अनुभव किया।
पाई बिगहा थानाध्यक्ष उमेश राम ने बताया कि यज्ञ आयोजन पुलिस की सतर्क निगरानी में पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के सहयोग और प्रशासनिक व्यवस्था के चलते किसी भी तरह की अप्रिय घटना सामने नहीं आई। यज्ञ के सफल आयोजन में स्थानीय ग्रामीणों की भूमिका सराहनीय रही।












