Friday, March 13, 2026
HomeBiharबिजली के पोल से टकराया अनियंत्रित टेम्पो, पोल दो टुकड़ों में बंटा

बिजली के पोल से टकराया अनियंत्रित टेम्पो, पोल दो टुकड़ों में बंटा

बेलागंज।बेलागंज प्रखंड के लक्ष्मीपुर पंचायत अंतर्गत गोपालपुर गांव में बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। यात्री से भरा एक टेम्पो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराया। हादसे में टेम्पो पर सवार करीब आधा दर्जन यात्री घायल हो गए, वहीं सड़क किनारे बैठकर बर्तन मांज रही गोपालपुर गांव की दो महिलाएं भी चपेट में आकर जख्मी हो गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टेम्पो तेज रफ्तार में था और अचानक संतुलन बिगड़ने से सीधा बिजली के पोल से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेम्पो तो क्षतिग्रस्त हुआ हीं बिजली का पोल दो हिस्सों में बंट गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत घायलों को बाहर निकाला और घटना की सूचना डायल 112 पुलिस को दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए चाकंद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायल खतरे से बाहर हैं। प्राथमिक उपचार के बाद कुछ घायलों की स्थिति को देखते हुए उन्हें अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल रेफर कर दिया गया है। हादसे के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। इस संबंध में बेलागंज थानाध्यक्ष मनोज कुमार पांडे ने बताया कि दुर्घटना में घायल सभी लोगों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया है। टेम्पो को जब्त कर लिया गया है और दुर्घटनाग्रस्त बिजली के पोल को लेकर बिजली विभाग के अधिकारियों को सूचना दे दी गई है। उन्होंने बताया कि बिजली विभाग की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Most Popular

error: Content is protected !!