बेलाबंज।गया जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र से शुक्रवार को एक बड़ा हादसा सामने आया, जहां रसोई गैस सिलेंडर फटने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना गया जिला के बेलागंज प्रखंड के लक्ष्मीपुर पंचायत अंतर्गत टिकुली गांव की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव के एक घर में रोज की तरह खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर में तेज धमाके के साथ विस्फोट हो गया। विस्फोट इतना जोरदार था कि आसपास के घरों तक उसकी आवाज सुनाई दी और लोग दहशत में बाहर निकल आए। कुछ देर के लिए पूरे इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। लेकिन विस्फोट के कारण घर में रखा फर्नीचर, बर्तन, कपड़े और अन्य घरेलू सामान बुरी तरह जलकर नष्ट हो गया। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पानी और बालू की मदद से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलती रही और उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। इस दौरान आग ने आसपास के तीन घरों को अपने आगोश। में समा लिया। सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। समय रहते आग बुझा ली गई, जिससे आसपास के अन्य घरों तक लपटें फैलने से बच गईं और एक बड़ा हादसा टल गया। घटना की जानकारी मिलते ही मुखिया प्रत्याशी सह समाजसेवी मोहम्मद एमाद आलम मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही संबंधित पदाधिकारियों से बात कर पीड़ित परिवार को उचित सरकारी मुआवजा दिलाने की मांग की। अधिकारियों ने भी हर संभव मदद का भरोसा दिया है। ग्रामीणों ने बताया कि यदि समय पर अग्निशमन दल नहीं पहुंचता तो आग आसपास के कई घरों को अपनी चपेट में ले सकती थी। परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है और प्रशासन से राहत सहायता की उम्मीद की जा रही है।













