बेलागंज।चाकंद थाना कांड संख्या 288/24, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 316(2), 338, 336(3), 340(2) एवं 3(5) के तहत दर्ज प्राथमिकी में नामजद तीनों अभियुक्तों को पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में करमु प्रसाद, शिवकुमार प्रसाद एवं नवल किशोर प्रसाद शामिल हैं। तीनों अभियुक्त रामचंद्र ठठेरा के पुत्र हैं तथा चाकंद बाजार, थाना चाकंद, जिला गया के निवासी बताए गए हैं। चाकंद थानाध्यक्ष शिवम कुमार ने बताया कि बीते सितंबर माह में बच्ची देवी नामक वादी महिला ने इन तीनों के ऊपर दबंगई और जमीन हड़पने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुसंधान के क्रम में आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए। जिसके आधार पर तीनों नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्तों से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना से जुड़े अन्य तथ्यों एवं संभावित संलिप्त व्यक्तियों के बारे में जानकारी प्राप्त की जा सके।
चाकंद थानाध्यक्ष ने बताया कि कांड से संबंधित सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। विधि-सम्मत प्रक्रिया के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। जिसके बाद अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।












