शेरघाटी। अनुमंडल कार्यालय में बुधवार को होली पर्व के मद्देनजर रखते हुए शांति समिति की बैठक आयोजित किया गया। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम मनीष कुमार ने की। इसमें प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।
एसडीएम मनीष कुमार ने कहा कि होली के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। जिन स्थानों पर मटका फोड़ कार्यक्रम होते हैं, वहां पुलिस बल की तैनाती रहेगी। पूर्व में हुई घटनाओं को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील स्थलों का एक दिन पहले निरीक्षण किया जाएगा और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए जाएंगे।
उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की। साथ ही अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को देने को कहा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में बीडीओ स्नेहिल आनंद, आमस थाना प्रभारी धनंजय कुमार, शेरघाटी थाना प्रभारी मोहन कुमार, सीओ ऊषा कुमारी, सीओ अरशद मदनी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे।












