वजीरगंज।वजीरगंज प्रखंड मुख्यालय के ट्राईसेम भवन में मंगलवार को 90 दिवसीय सम्पूर्णता अभियान की शुरूआत बैठक आयोजित कर की गई। प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभाकर सिंह ने कहा कि यह कार्यक्रम सभी आकांक्षी प्रखंडों में नीति आयोग के माध्यम से चलाया जा रहा है, जिसमें 6 प्रमुख संकेतकों पर कार्य करना है। मातृ एवं शिशु स्वास्थ, पोषण, स्कूलों में शौचालय, तपेदिक के मामलों की पहचान और पशु टीकाकरण शामिल है। इन सभी योजनाओं को पूरा करने का लक्ष्य इस अभियान के माध्यम से रखा गया है, जिसमें संबंधित पदाधिकारियों व कर्मियों तथा जनप्रतिनिधियों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करना होगा। वहीं प्रखंड कार्यान्यवयन समिति के अध्यक्ष महेश प्रसाद सिंह, अमैठी मुखिया अशोक पासवान, करजरा मुखिया राजकुमार पासवान, पंसस आनंद मिलींद सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सर्वाधिक मामले आईसीडीएस से जुड़े हुए हैं, जिसमें परियोजना पदाधिकारी को हमलोग सहयोग करेंगे। मौके पर मौजूद नीति आयोग पदाधिकारी ने भी अपनी बात रखी तथा लक्ष्य की पूर्ति के लिए सभी को प्रेरित किया। बैठक के दरम्यान सेंटर डायरेक्टर व मुकुल फाउंडेशन के माध्यम से एक असहाय बालिका को साइकिल दिया गया। प्रखंड समन्वयक धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि संस्थान के माध्यम से असहाय बालिकाओं को शिक्षा के प्रति जागृत करने, बाल विवाह रोकने के उद्देश्य की पूर्ति के लिए प्रखंड में दो बालिकाओं का चयन किया गया था, जिसमें से एक बच्ची को पूर्व में साइकिल मिल चुका है, यह बच्ची बीमार थी, जिसे आज बुलाकर बीडीओ प्रभाकर सिंह के द्वारा साइकिल दिलवाया गया है। अंत में सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों व कर्मियों ने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सामुहिक रूप से शपथ ली।













