शेरघाटी।नया बाजार ओवरब्रिज पुलिया पर मंगलवार दोपहर नेशनल हाईवे 19 पर एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेलर का इंजन पूरी तरह चिपटा हो गया और चालक केबिन में फंस गया। मौके पर मौजूद लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला और इलाज के लिए शेरघाटी अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है।
नशे में वाहन चलाने की आशंका, पुलिस जांच में जुटी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था, जिससे हादसा हुआ। घायल चालक की पहचान औरंगाबाद जिले के केताकी पंचायत अंतर्गत बाबू बीघा गांव निवासी अमरेंद्र कुमार यादव के रूप में हुई है। चालक ने बताया कि वह गाजियाबाद से रांची जा रहा था। सूचना मिलते ही शेरघाटी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी हैं।













