Monday, March 16, 2026
HomeBiharबेलागंज थाना क्षेत्र के टिकुली गांव में 60 वर्षीय वृद्ध की चाकू...

बेलागंज थाना क्षेत्र के टिकुली गांव में 60 वर्षीय वृद्ध की चाकू मारकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

बेलागंज।बेलागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत टिकुली गांव में मंगलवार को एक 60 वर्षीय वृद्ध की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान टिकुली गांव निवासी मुद्रिका यादव उम्र 60 वर्ष, पिता सुखलाल यादव के रूप में की गई है। घटना से गांव में दहशत का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक और आरोपियों का घर आमने-सामने स्थित है। किसी विवाद को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसी दौरान आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे मुद्रिका यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों और ग्रामीणों द्वारा उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बेलागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान नीतीश कुमार (पिता दिनेश यादव) और दिनेश यादव (पिता तुलसी यादव) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी पिता-पुत्र बताए जा रहे हैं। इधर सूचना के बाद मौके पर एफएसएल की टीम के साथ पहुंचे विधि व्यवस्था डीएसपी रविप्रकाश सिंह सहित कई वरीय अधिकारी पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए हैं। ग्रामीणों के अनुसार, मृतक के परिवार में तीन पुत्रियां हैं, जिनमें से दो विवाहित हैं, जबकि कोई पुत्र नहीं है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। बेलागंज थाना प्रभारी मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद की बात सामने आ रही है। अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Most Popular

error: Content is protected !!