Thursday, March 26, 2026
HomeBiharपचास हजार के इनामी वारंटी के साथ दो गिरफ्तार, जहानाबाद से हुई...

पचास हजार के इनामी वारंटी के साथ दो गिरफ्तार, जहानाबाद से हुई गिरफ्तारी

गयाजी।वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस उपाधीक्षक नगर–2 के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने जहानाबाद पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए हत्या और लूट के मामले में 50 हजार रुपये के इनामी वारंटी को गिरफ्तार किया है। डेल्हा थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डीएसपी नगर–2 ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर जहानाबाद जिले में छापेमारी की गई। इस दौरान हत्या और लूट जैसे संगीन मामलों में वांछित 50 हजार के इनामी अपराधी वकील मांझी, पिता भीम मांझी को गिरफ्तार किया गया। वह लंबे समय से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार इनामी वारंटी से की गई पूछताछ के दौरान उसके निशानदेही पर एक अन्य अपराधी को भी गिरफ्तार किया गया है। दूसरे गिरफ्तार आरोपी की पहचान विक्की मांझी, पिता धीरेन्द्र मांझी, निवासी अंदर बैरागी भुईटोली, गया के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि विक्की मांझी भी हत्या और लूट की घटनाओं में शामिल रहा है और उसके विरुद्ध डेल्हा थाना में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। डीएसपी नगर–2 ने कहा कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मौजूद हैं। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और फरार तथा इनामी अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

Most Popular

error: Content is protected !!