Thursday, March 26, 2026
HomeBiharऑपरेशन नारकोस के तहत गया रेलवे स्टेशन पर 8 किलो गांजा बरामद,...

ऑपरेशन नारकोस के तहत गया रेलवे स्टेशन पर 8 किलो गांजा बरामद, कीमत करीब चार लाख रुपये

गया। पूर्व मध्य रेल के डीडीयू मंडल अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (रेसुब) पोस्ट गया द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नारकोस के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बुधवार, 5 फरवरी 2026 को गया रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 01 पर निगरानी के दौरान आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने लावारिस हालत में 8 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब चार लाख रुपये बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रेसुब पोस्ट गया के उ.नि. जावेद इकबाल के नेतृत्व में उ.नि. धीरेंद्र कुमार, सउनि. खुर्शीद खां, प्रधान आरक्षी राज कुमार सहित अन्य आरक्षियों की टीम, जीआरपी गया एवं सीपीडीएस गया के जवानों के साथ स्टेशन परिसर में आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। इसी दौरान सुबह करीब 8:30 बजे हावड़ा छोर की ओर किलोमीटर संख्या 469/20 के पास एक संदिग्ध लावारिस बैग पड़ा हुआ पाया गया। टीम द्वारा आसपास मौजूद यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी बैग पर अपना दावा नहीं किया। संदेह के आधार पर जब बैग की जांच की गई तो उसमें से प्रतिबंधित मादक पदार्थ गांजा की तेज गंध आने लगी। इसके बाद वरीय अधिकारी एवं गया टाउन के प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश कुमार की उपस्थिति में विधिसम्मत प्रक्रिया अपनाते हुए बैग की तलाशी ली गई, जिसमें कुल 8 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। मामले में उ.नि. जावेद इकबाल द्वारा लिखित शिकायत के साथ जब्त गांजा को जीआरपी गया को सुपुर्द किया गया। इसके आधार पर जीआरपी गया थाना में कांड संख्या 32/2026 दिनांक 05.02.26 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 08/20(b)(ii)(B) के तहत मामला पंजीकृत किया गया है। फिलहाल जीआरपी द्वारा गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क की पहचान और इसमें शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है। रेलवे परिसर में इस कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।

Most Popular

error: Content is protected !!