गयाजी। पूर्व मध्य रेलवे के डीडीयू मंडल अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट गया द्वारा ऑपरेशन सतर्क के तहत बड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान निलांचल एक्सप्रेस से लावारिस हालत में रखी गई अंग्रेजी शराब की खेप बरामद की गई है। आरपीएफ से मिली जानकारी के अनुसार 07 फरवरी 2026 को ट्रेन संख्या 12876 डाउन निलांचल एक्सप्रेस के मार्ग रक्षण दल द्वारा सूचना दी गई कि ट्रेन के पीछे के जनरल कोच के शौचालय के पास तीन लावारिस बैग पड़े हैं, जिनमें शराब होने की आशंका है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक आरपीएफ पोस्ट गया के नेतृत्व में एक टीम गठित कर गया स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 06 पर पहुंची। मार्ग रक्षण दल द्वारा ट्रेन से उतारे गए तीनों बैगों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान सभी बैगों में रॉयल स्टैग प्रीमियर व्हिस्की की बोतलें पाई गईं। एक बैग में 10 बोतल, दूसरे में 8 बोतल और तीसरे बैग में 13 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई। सभी बोतलें 750 मिलीलीटर की थीं और उन पर “For Sale in Haryana” अंकित था। बरामद शराब की कुल मात्रा 23.25 लीटर आंकी गई, जिसकी अनुमानित कीमत 23 हजार 250 रुपये बताई गई है। जब्त की गई शराब को विधिवत कार्रवाई करते हुए शिकायत पत्र के साथ गया जीआरपी थाना को सौंप दिया गया। इस संबंध में गया जीआरपी थाना में अज्ञात तस्करों के विरुद्ध कांड संख्या 33/26, दिनांक 07.02.2026 को बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।












