बेलागंज।गांव में आने जाने के रास्ते को लेकर दो पक्षों में हुए विवाद और हिंसक झड़प के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों से 17 लोगों को एक साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। घटना थाना क्षेत्र के बड़ही बिगहा गांव की है। जहां दीपावली की रात रास्ता को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद पैदा हो गया। जो कहासुनी से तू तू मैं मैं और बाद में हिंसक झड़प का रूप धारण कर लिया। जिसमें दोनों पक्षों के गई लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों द्वारा घटना की तत्काल सूचना बेलागंज थाना की पुलिस को दी गई। सूचना के बाद मौके पर दलबल के साथ पहुंचे बेलागंज थानाध्यक्ष मनोज कुमार पांडेय ने स्थिति को नियंत्रित किया और घायलों को इलाज के लिए सीएचसी बेलागंज भेजा। दोनों पक्षों की ओर से दो अलग अलग प्राथमिकी बेलागंज थाना में दर्ज कराई गई। जिसमें दो दर्जन से अधिक लोगों को आरोपी बनाया गया। दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों से 17 लोगों को हिरासत में लिया और मंगलवार को विधि संगत कार्रवाई के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। घटना के संबंध में बेलागंज थानाध्यक्ष मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि बड़ही बिगहा गांव में दो पक्षों के बीच लंबे समय से आम रास्ता को लेकर विवाद चल रहा था। जो दीपावली की रात बढ़कर हिंसक झड़प का रूप धारण कर लिया। घटना के बाद दोनों पक्षों द्वारा थाने में दिए गए लिखित आवेदन पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना में शामिल 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी को गंभीर चोट लगने के कारण इलाज के लिए पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है। थानाध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र में विधि व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और किसी भी तरह की अराजकता या सामुदायिक तनाव उत्पन्न करने वाले लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। सभी गिरफ्तार आरोपियों को विधि-सम्मत कार्रवाई करते हुए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
