बेलागंज।बेलागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत रेवाड़ा गांव में डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में तब्दील हो गया, जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जेपीएन अस्पताल रेफर किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव में होली के कार्यक्रम के दौरान डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों के बीच पहले बहस शुरू हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार तेज आवाज में डीजे बजाने का विरोध किया जा रहा था, जिस पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट की नौबत आ गई। घटना के दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग बीच-बचाव में जुट गए। घायलों की पहचान रामप्रवेश प्रजापति के पुत्र रवि कुमार (28 वर्ष) और रौशन कुमार (22 वर्ष) के रूप में की गई है। दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों द्वारा उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से डॉक्टरों ने बेहतर उपचार के लिए रेफर कर दिया। डीजे बजाने को लेकर आपसी विवाद में मारपीट हुई है। दो लोगों को इलाज के लिए रेफर किया गया है। पुलिस पूरे मामले की तहकीकात कर रही है और दोषियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन तनाव को देखते हुए पुलिस की नजर बनी हुई है।












