औरंगाबाद।सोशल मीडिया पर हथियार लहराना दो युवकों को महंगा पड़ गया, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ये युवक रील्स बनाने के चक्कर में हथियार लहरा रहे थे, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। पुलिस ने उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है और हथियार भी जब्त कर लिए है।
औरंगाबाद पुलिस ने एक वायरल वीडियो पर त्वरित संज्ञान लेते हुए हथियार लहराने वाले दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी के पास से एक देसी कट्टा और मोबाइल बरामद की है।
पुलिस इनके आपराधिक इतिहास को लेकर जांच-पड़ताल कर रही है. पकड़े गए युवकों की पहचान फेसर थाना क्षेत्र के फेसरा गांव निवासी रौशन कुमार एवं पोखराहा गांव निवासी गोल्डन कुमार के रूप में की गई है. दरअसल, शनिवार को थानाध्यक्ष वर्षा कुमारी को सूचना मिली कि सोशल मीडिया (इंस्टाग्राम) पर रौशन कुमार नामक युवक द्वारा अवैध हथियार के साथ वीडियो पोस्ट की गई हैं।
सूचना के सत्यापन हेतु पुलिस ने तत्काल फेसरा गांव में छापेमारी कर रौशन कुमार को हिरासत में लिया और पूछताछ में रौशन कुमार ने स्वीकार किया कि वीडियो में प्रदर्शित हथियार गोल्डन कुमार का है. तत्पश्चात पुलिस ने गोल्डन कुमार को भी हिरासत में लिया।
पूछताछ के क्रम में गोल्डन कुमार ने हथियार छुपाकर रखने की बात स्वीकार किया तथा इनके निशानदेही पर पोखराहा बधार से एक देसी कट्टा बरामद किया गया।
पुलिस ने दो युवकों को आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस लगातार सोशल मीडिया पर नजर रखे हुए है और अवैध हथियारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में एसआई राजकुमार यादव, दिग्विजय सिंह सहित अन्य सशस्त्र बल शामिल रहे।












