Thursday, March 26, 2026
HomeBiharवजीरगंज के युवक की चंडीगढ़ में सड़क दुर्घटना में मौत

वजीरगंज के युवक की चंडीगढ़ में सड़क दुर्घटना में मौत

वजीरगंज। प्रखंड के पतेड़ मंगरावां पंचायत के कधरिया गांव में बुधवार की सुबह एक युवक की सड़क दुर्घटना में मौत की खबर से मातम पसर गया। मृतक पवन कुमार दास (28) चंडीगढ़ में मजदूरी करता था और मंगलवार की रात्रि  लगभग साढ़े नौ बजे उसकी घरवालों से बात हुई थी, जिसमें उसने होली तक घर आने का भरोसा दिलाया था।लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। ड्यूटी के बाद कमरे पर लौटने के दरम्यान किसी ट्रक ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर हो गई। पवन की मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उसके तीन बच्चे हैं, जो 10 वर्ष आयुवर्ग से कम के हैं और उसकी माता का देहांत दो वर्ष पूर्व हो गया था।
पतेड़ सरपंच महेश कुमार सुमन ने बताया कि पवन डेढ़ वर्ष पूर्व कर्ज उतारने की गरज से चंडिगढ़ मजदूरी करने गया था। उसकी मौत की खबर सुनकर गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है और घर के बाहर ग्रामीणों की भीड़ लगी हुई है।
पवन का भाई भी चंडीगढ़ में ही मजदूरी करता है और वह उसके शव को लेकर पोस्टमार्टम के लिए गया हुआ है। संभवत: एक-दो दिनों के अंदर उसका शव कधरिया पहुंचेगा। पवन की मौत से गांव के लोग दुखी हैं और उसके परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।

Most Popular

error: Content is protected !!