टेंपू का टायर फटने से पलटा वाहन
-परिजनों में कोहराम
वजीरगंज।वजीरगंज बाजार से घर लौट रही एक महिला की सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। घटना गुरुवार शाम की है।
जानकारी के अनुसार सहिया पंचायत अंतर्गत सीरी गांव निवासी ईश्वर मांझी की 50 वर्षीय पत्नी रजिया देवी गुरुवार को घरेलू सामान खरीदने वजीरगंज बाजार आई थीं। शाम में टेंपू पर सवार होकर घर लौट रही थीं। वजीरगंज बाजार से सीरी जाने के क्रम में एरु और सहिया के बीच अचानक टेंपू का टायर फट गया। इससे टेंपू अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। टेंपू को नियंत्रित करने के दौरान रजिया देवी सड़क पर गिर पड़ीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों और चालक की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वजीरगंज लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें मगध मेडिकल कॉलेज, गया ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
शुक्रवार को शव को वजीरगंज थाना लाया गया। पुलिस ने कागजी कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए शव को मगध मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। समाजसेवी श्यामसुंदर रजक उर्फ किशोरी रजक और हम पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष रामबली मांझी ने कहा कि पीड़ित परिवार बेहद गरीब है। उन्होंने प्रखंड एवं जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल सरकारी सहायता देने की मांग की है।
