गयाजी। गयाजी-चेरकी रोड एयरपोर्ट के बाउंड्री के नजदीक 80 गेट से आगे एक दर्दनाक सड़क हादसे में गया शहर के नगमतिया कॉलोनी रोड नं0 6 निवासी राशिद इकबाल उर्फ रूमी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब वे अपने बच्चों को इंटर की प्रैक्टिकल परीक्षा के बाद मॉडेम स्कूल से लाने मोटरसाइकिल से जा रहे थे। बता दे कि तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।
मृतक राशिद इकबाल उर्फ रूमी अपने परिवार के एक जिम्मेदार सदस्य थे और बच्चों की पढ़ाई-लिखाई को लेकर काफी सजग रहते थे। उनकी अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से गया-चेरकी रोड पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था सख्त करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।












