Friday, September 25, 2026
HomeBiharअनंत पूजा पर बाणावर सिद्धेश्वर नाथ मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब

अनंत पूजा पर बाणावर सिद्धेश्वर नाथ मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब

व्यवस्था बेहतर, लेकिन मुख्य मार्ग पर जाम से श्रद्धालु परेशान

मखदुमपुर (जहानाबाद)। अनंत पूजा के पावन अवसर पर जहानाबाद जिले के मखदुमपुर प्रखंड स्थित प्रसिद्ध बाणावर पहाड़ी पर बने सिद्धेश्वर नाथ मंदिर में शुक्रवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हाथों में जल लेकर भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए बाणावर पहुंचते रहे। पूरे मंदिर परिसर में हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे।

श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से मंदिर परिसर और पहाड़ी पर सुरक्षा एवं सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। स्थानीय श्रद्धालु चंदन कुमार और विनय कुमार ने बताया कि मंदिर परिसर में प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाएं पहले की अपेक्षा बेहतर हैं। इससे श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना करने में काफी सहूलियत हो रही है।

हालांकि, बाणावर जाने वाले मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लगने से श्रद्धालुओं को जाम की समस्या का सामना करना पड़ा। सड़क पर वाहनों की अधिक संख्या के कारण कई जगह यातायात धीमा रहा और लोगों को मंदिर तक पहुंचने में काफी समय लगा। श्रद्धालुओं ने यातायात व्यवस्था को और बेहतर करने तथा प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की मांग की, ताकि पूजा के दौरान आने-जाने वाले लोगों को परेशानी न हो।

अनंत पूजा को लेकर बाणावर क्षेत्र में दिनभर धार्मिक माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान सिद्धेश्वर नाथ का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।

Most Popular

error: Content is protected !!