Tuesday, September 8, 2026
HomeBiharअनशन के दबाव में प्रशासन सक्रिय, बीईओ प्रकरण की जांच को गठित...

अनशन के दबाव में प्रशासन सक्रिय, बीईओ प्रकरण की जांच को गठित हुई विशेष टीम

कोंच (गया)। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी डॉ. अभय कुमार रमण के खिलाफ पूर्व उप प्रमुख सह राजद नेता किशोर कुमार का आमरण अनशन मंगलवार को छठे दिन भी जारी रहा। लगातार अनशन के कारण उनकी सेहत पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। चिकित्सकीय दल समय-समय पर उनके स्वास्थ्य की जांच कर रहा है।

किशोर कुमार ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी की कथित नियम विरुद्ध प्रतिनियुक्ति रद्द करने, उन्हें निलंबित करने सहित सात सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन शुरू किया है। उनका कहना है कि जब तक मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होगी, तब तक अनशन जारी रहेगा।

आंदोलन को समर्थन देते हुए युवा राजद नेता दिलीप कुमार दिलेर ने बताया कि बुधवार 9 सितंबर को शाम चार बजे मशाल जुलूस निकाला जाएगा। यह जुलूस मध्य विद्यालय के समीप स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थल से प्रारंभ होकर मुख्य बाजार मार्ग से होते हुए प्रखंड कार्यालय तक जाएगा।

परसावां पंचायत के मुखिया दिलीप पासवान ने कहा कि जब तक प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को प्रभार से मुक्त नहीं किया जाता, तब तक निष्पक्ष जांच संभव नहीं है। उन्होंने प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

उधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) रविशंकर कुमार तथा अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय निगरानी जांच दल का गठन किया गया है। यह टीम पूरे मामले की जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रशासन को सौंपेगी।

मंगलवार को अनुमंडल पदाधिकारी टिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी कोंच अनशन स्थल पर पहुंचे और किशोर कुमार से वार्ता की। अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन देते हुए अनशन समाप्त करने की अपील की, लेकिन अनशनकारी अपनी मांगों पर अडिग बने हुए हैं।

महताब अंसारी की रिपोर्ट

Most Popular

error: Content is protected !!