कोंच (गया)। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर कोंच प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं कस्बों में धार्मिक जुलूस निकाले जाएंगे। इसको लेकर मुस्लिम समुदाय के लोगों में उत्साह का माहौल है और विभिन्न स्थानों पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मौलाना अफजल रज़ा मिस्बाही ने बताया कि ईद मिलादुन्नबी इस्लाम धर्म के अंतिम पैगंबर हजरत मोहम्मद मुस्तफा (सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम) के जन्म दिवस के रूप में मनाई जाती है। उन्होंने कहा कि हजरत मोहम्मद साहब ने पूरी मानवता को शांति, भाईचारे, प्रेम, सत्य और इंसानियत का संदेश दिया। उनका जीवन लोगों के लिए आदर्श है और उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को सही राह दिखाने का कार्य करती हैं।
उन्होंने कहा कि ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर निकाले जाने वाले जुलूस में नातिया कलाम, तकरीर और धार्मिक संदेशों के माध्यम से लोगों को पैगंबर-ए-इस्लाम की शिक्षाओं से अवगत कराया जाएगा। साथ ही अमन, शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील भी की जाएगी।
मौलाना ने बताया कि कोंच प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में जुलूस गुजरेंगे, जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल होंगे। इस अवसर पर प्रशासन द्वारा भी आवश्यक सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की व्यवस्था की जा रही है।






