बेलागंज। पैगंबर मोहम्मद साहब के जन्मदिवस के अवसर पर बुधवार को बेलागंज एवं चाकंद थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में मुस्लिम समुदाय की ओर से जुलूस निकाला गया। जुलूस के माध्यम से लोगों ने आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द का संदेश दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में समुदाय के लोग उत्साह के साथ शामिल हुए। बेलागंज थाना क्षेत्र के अकथू, आजाद नगर, अकथू दरगाहपोखर, पीरबिगहा, सोढ़ना, नवीनगर सहित दर्जनों गांवों से जुलूस निकाला गया। जुलूस में शामिल लोगों ने पैगंबर मोहम्मद साहब के जीवन और उनके बताए शांति, प्रेम एवं भाईचारे के संदेशों को लोगों तक पहुंचाया। इस दौरान धार्मिक झंडों के साथ तिरंगा भी हाथों में लिए लोग चल रहे थे। जुलूस में शामिल मोहम्मद कय्यूम अंसारी ने कहा कि पैगंबर मोहम्मद साहब के जन्मदिवस पर खुशी मनाने के साथ समाज में आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखने का संदेश दिया जाता है। इसी उद्देश्य से जुलूस का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन आस्था और परंपरा को आगे बढ़ाने के साथ समाज में सौहार्द का संदेश देने का माध्यम है। रेवाड़ा गांव में भी जुलूस धूमधाम से निकाला गया। इसमें राजद नेता मो. कय्यूम अंसारी, मो. जावेद हक, मो. इम्तियाज, मो. सगीर, मो इम्तियाज खान, मो रिजु खान सहित मुस्लिम समुदाय के सैकड़ों लोग शामिल हुए। जुलूस के दौरान लोगों ने धार्मिक पताकाओं के साथ तिरंगा भी हाथों में ले रखा था। जुलूस को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। चाकंद थानाध्यक्ष शिवम कुमार स्वयं पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे। वहीं बेलागंज थाना क्षेत्र में अपर थानाध्यक्ष कमलेश पासवान ने पुलिस टीम के साथ जुलूस की व्यवस्था संभाली। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती कर जुलूस को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया गया।






