बेलागंज। भाजपा महिला मोर्चा, बिहार प्रदेश की प्रदेश मंत्री डॉ. सीमा शर्मा ने गया जिले के न्यामतपुर आश्रम पहुंचकर महान किसान नेता एवं स्वतंत्रता सेनानी पंडित यदुनंदन शर्मा जी के स्मारक पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन की। इस अवसर पर डॉ. सीमा शर्मा ने कहा कि पंडित यदुनंदन शर्मा जी का संपूर्ण जीवन किसानों, श्रमिकों और समाज के वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष, सेवा और समर्पण को समर्पित रहा। उन्होंने अपने संघर्ष और विचारों के माध्यम से सामाजिक चेतना को मजबूत करने का कार्य किया। उनका जीवन आज भी समाज और विशेष रूप से युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। डॉ. शर्मा ने कहा कि पंडित यदुनंदन शर्मा जी की ऐतिहासिक विरासत और उनके योगदान को उचित सम्मान दिलाना आवश्यक है। न्यामतपुर आश्रम स्थित उनके स्मारक के विकास, सौंदर्यीकरण तथा वहां आवश्यक मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए राज्य सरकार से वार्ता की जाएगी। उन्होंने कहा कि पंडित यदुनंदन शर्मा जी की जयंती एवं पुण्यतिथि जैसे महत्वपूर्ण अवसरों पर सरकारी स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कराने की दिशा में भी पहल की जाएगी, ताकि उनके संघर्ष, विचार और किसान हित में किए गए कार्यों की जानकारी व्यापक स्तर पर नई पीढ़ी तक पहुंच सके। डॉ. सीमा शर्मा ने कहा कि बिहार की गौरवशाली किसान आंदोलनों और सामाजिक चेतना की विरासत हमारी अमूल्य धरोहर है। ऐसी महान विभूतियों के स्मारकों का संरक्षण एवं विकास केवल श्रद्धांजलि तक सीमित विषय नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को अपने इतिहास और संघर्ष की प्रेरणा से जोड़ने का माध्यम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार के सहयोग से न्यामतपुर आश्रम एवं पंडित यदुनंदन शर्मा जी के स्मारक को और अधिक विकसित करने की दिशा में सकारात्मक पहल होगी। इस मौके पर आश्रम कमिटी के अध्यक्ष प्रभात कुमार मिश्रा, संयोजक रविशंकर कुमार, वरीय संरक्षक सरोज सिंह, उपाध्यक्ष रामप्रवेश सिंह, योगी धनंजय शर्मा, कुणाल किशोर आदि लोग उपस्थित रहे।
