बेलागंज। प्रखंड के कोरमथु गांव निवासी स्वर्गीय चुन्नू शर्मा की 25वीं पुण्यतिथि रविवार को शहादत दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे किसान नेताओं और स्थानीय लोगों ने स्वर्गीय चुन्नू शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए किसानों के हित में उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ धार्मिक अनुष्ठान के साथ हुआ। ब्राह्मणों की टीम ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना कराई। इसके बाद कार्यक्रम में शामिल किसान नेताओं और गणमान्य लोगों ने स्वर्गीय चुन्नू शर्मा की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि नब्बे के दशक का दौर सामाजिक और राजनीतिक रूप से काफी चुनौतीपूर्ण था। वक्ताओं के अनुसार, उस समय कुछ उग्रवादी संगठनों द्वारा जाति विशेष और किसान वर्ग के लोगों को निशाना बनाकर हिंसक घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा था। ऐसे कठिन समय में युवा चुन्नू शर्मा ने समाज और किसानों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष का रास्ता अपनाया और मगध की धरती पर किसानों के अधिकारों की आवाज बुलंद की। वक्ताओं ने कहा कि महज 24 वर्ष की उम्र में किसानों के हित के लिए संघर्ष करते हुए चुन्नू शर्मा ने अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उनके समर्थकों का कहना है कि किसानों के अधिकार और सुरक्षा को लेकर उनके संघर्ष की स्मृति आज भी लोगों के बीच जीवंत है। कार्यक्रम में वक्ताओं ने युवाओं से उनके संघर्ष और सामाजिक सरोकारों से प्रेरणा लेने की अपील की। कार्यक्रम में किसान नेता कौशलेंद्र नारायण, बांके बिहारी शर्मा, अवधेश शर्मा, महेश शर्मा, नीरज शर्मा, कुणाल किशोर, अधिवक्ता आर्यन अर्चित, रामदयाल शर्मा, कुंदन शर्मा, कौशल शर्मा, डॉ. राजीव निराला, डॉ. बीडी शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
