Saturday, September 26, 2026
HomeBiharखिजरसराय में श्रद्धापूर्वक मना अमर शहीद जगदेव प्रसाद का शहादत दिवस

खिजरसराय में श्रद्धापूर्वक मना अमर शहीद जगदेव प्रसाद का शहादत दिवस

खिजरसराय (गया)। अमर शहीद एवं सामाजिक न्याय के प्रखर योद्धा भारत लेनिन जगदेव प्रसाद की पुण्यतिथि (शहादत दिवस) शनिवार को खिजरसराय स्थित यशवंत +2 उच्च विद्यालय के परिसर में श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं एवं पुरुषों के साथ जदयू कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व विधायक कृष्णनंदन यादव एवं पूर्व सांसद विजय मांझी मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जदयू नेता अजय डांगी ने की, जबकि मंच संचालन चंद्रमणि कुशवाहा ने किया।

कार्यक्रम की शुरुआत जगदेव प्रसाद के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने जगदेव प्रसाद के संघर्ष और सामाजिक न्याय के लिए उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि जगदेव बाबू ने समाज के वंचित एवं शोषित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि उनके विचार आज भी सामाजिक समानता और न्याय की दिशा में प्रेरणा देते हैं।

मंत्री श्रवण कुमार ने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नीतियों और कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि जगदेव प्रसाद के विचारों से प्रेरणा लेकर समाज के सभी वर्गों को आगे बढ़ाने की दिशा में काम किया गया है। उन्होंने बालिकाओं के लिए साइकिल योजना सहित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा और अवसर के विस्तार से समाज के पिछड़े वर्गों को आगे बढ़ने का अवसर मिला है।

पूर्व विधायक कृष्णनंदन यादव ने भी जगदेव प्रसाद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके संघर्ष और विचारों को याद किया। उन्होंने कहा कि जगदेव बाबू ने सामाजिक न्याय, समानता और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनके बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

इस अवसर पर अतिथियों का फूल-माला, गुलदस्ता एवं अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने भी जगदेव प्रसाद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति और कार्यक्रम के आयोजन को लेकर स्थानीय प्रशासन की व्यवस्था की भी सराहना की गई।

कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में जगदेव प्रसाद के संघर्ष, सामाजिक न्याय और समानता से जुड़े विचारों की चर्चा होती रही। उपस्थित लोगों ने उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Most Popular

error: Content is protected !!