गया। जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को किराना कारोबारी से दिनदहाड़े 2 लाख 10 हजार रुपये नकद लूट लिए जाने का मामला सामने आया है। ब्रेजा कार सवार चार-पांच अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार किराना कारोबारी जयराम केसरी अपनी दुकान के सामान की खरीदारी के लिए पिकअप वाहन से गया जा रहे थे। इटवां बाजार से निकलने के बाद एक ब्रेजा कार उनका पीछा करने लगी। गणेशचक गांव के समीप कार सवार बदमाशों ने पिकअप को ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद बदमाशों ने कारोबारी जयराम केसरी और चालक शंकर पासवान के साथ मारपीट की तथा हथियार का भय दिखाकर उनके पास मौजूद 2.10 लाख रुपये नकद लूट लिए। वारदात के बाद सभी अपराधी ब्रेजा कार से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मोहनपुर थानाध्यक्ष अजीत कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू करने के साथ कई स्थानों पर वाहनों की जांच भी की। बोधगया एसडीपीओ मधु कुमारी ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर कारोबारी और चालक से घटना की जानकारी ली तथा पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि व्यवसायी से लूट की घटना सामने आई है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
