बेलागंज। चाकंद थाना पुलिस ने आपराधिक मामले में कार्रवाई करते हुए कांड संख्या 193/26 के नामजद आरोपी को थाना क्षेत्र के मुड़कट्टा गांव से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुड़कट्टा गांव निवासी राजू यादव के पुत्र प्रमोद यादव के रूप में हुई है। चाकंद थानाध्यक्ष शिवम कुमार ने बताया कि प्रमोद यादव के खिलाफ चाकंद थाना में दर्ज कांड संख्या 193/26 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 के तहत नामजद प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस को आरोपी की तलाश थी। इसी क्रम में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे मुड़कट्टा गांव से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से मामले से संबंधित आवश्यक पूछताछ की। पूछताछ और कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने गिरफ्तार प्रमोद यादव को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि थाना क्षेत्र में दर्ज मामलों के आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त अथवा विभिन्न मामलों में नामजद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस द्वारा मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।






