बेलागंज।पाई बिगहा थाना क्षेत्र के बंशी बिगहा गांव के समीप सोमवार की शाम दरधा नदी में पैर फिसलने से एक 24 वर्षीय युवती डूब गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार नेहा नदी किनारे बने चूहड़मल बाबा को पूजा करने गई थी। पूजा करके लौटने के दरम्यान घटना हुई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने युवती की तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने नदी में काफी देर तक उसकी तलाश की, लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। मंगलवार को ग्रामीणों द्वारा लगातार की जा रही तलाश के दौरान जहानाबाद जिले के मखदुमपुर प्रखंड अंतर्गत बोकनारी कला गांव के समीप नदी में शव होने की सूचना मिली। ग्रामीणों की निशानदेही पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बरामद किया। थानाध्यक्ष उमेश राम ने बताया कि मृतका की पहचान पाई बिगहा थाना क्षेत्र के बंशी बिगहा गांव निवासी पंकज कुमार की 24 वर्षीय पुत्री हु नेहा कुमारी के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली, परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में भी मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल गया भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक तौर पर नदी में डूबने से मौत की बात सामने आई है। मामले में आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।






