Tuesday, September 1, 2026
HomeBiharसंबल योजना के तहत 25 दिव्यांगजनों को मिली इलेक्ट्रिक वाहन की सौगात

संबल योजना के तहत 25 दिव्यांगजनों को मिली इलेक्ट्रिक वाहन की सौगात

एसडीएम केशव किशोर और बीडीओ पूजा गहलोत ने हरी झंडी दिखाकर वाहनों को किया रवाना

खिजरसराय। संबल योजना के तहत मंगलवार को खिजरसराय स्थित बुनियाद केंद्र में दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पहल की गई। कार्यक्रम में 25 दिव्यांगजनों को इलेक्ट्रिक वाहन उपलब्ध कराया गया। अनुमंडल पदाधिकारी केशव किशोर और प्रखंड विकास पदाधिकारी पूजा गहलोत ने हरी झंडी दिखाकर वाहनों को रवाना किया। वाहन मिलते ही लाभुकों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। लाभुकों ने इसे आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बताया।

एसडीएम केशव किशोर ने कहा कि दिव्यांगजनों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना प्रशासन की प्राथमिकता है। इलेक्ट्रिक वाहन मिलने से लाभुकों को रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और कार्यों के लिए आवागमन में सुविधा होगी। बीडीओ पूजा गहलोत ने लाभुकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योजनाओं का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना और उनके जीवन को आसान करना है।

कार्यक्रम में बुनियाद केंद्र के केंद्र प्रबंधक नवीन कुमार, अजहरुद्दीन सहित प्रखंड और जिला के अधिकारी मौजूद रहे। केंद्र के कर्मियों ने लाभुकों को इलेक्ट्रिक वाहन के संचालन, चार्जिंग और रखरखाव से संबंधित जानकारी दी। अधिकारियों ने लाभुकों से वाहनों का सुरक्षित और उचित उपयोग करने की अपील की।

वाहन प्राप्त करने वाले लाभुकों ने कहा कि पहले आने-जाने के लिए परिवार के सदस्यों या अन्य लोगों पर निर्भर रहना पड़ता था। साधन के अभाव में कई जरूरी काम प्रभावित होते थे। अब इलेक्ट्रिक वाहन मिलने से वे अपने कार्यों के लिए आसानी से आवागमन कर सकेंगे। लाभुकों ने प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह उनके लिए केवल वाहन नहीं, बल्कि सम्मान के साथ आत्मनिर्भर बनने का साधन है।

कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण के लिए की गई इस पहल की सराहना की। अधिकारियों ने कहा कि ऐसी योजनाओं से दिव्यांगजनों को बराबरी का अवसर मिलेगा और वे जीवन को बेहतर बनाने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।

Most Popular

error: Content is protected !!