Sunday, September 13, 2026
HomeBiharदिवंगत जवान रजनीश के परिजनों से मिले विधायक वीरेंद्र सिंह, हरसंभव सहयोग...

दिवंगत जवान रजनीश के परिजनों से मिले विधायक वीरेंद्र सिंह, हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा

वजीरगंज। बिहार पुलिस के दिवंगत जवान रजनीश कुमार के शोकाकुल परिवार से मिलने शनिवार, 12 सितंबर को वजीरगंज विधानसभा क्षेत्र के क्षेत्रीय विधायक वीरेंद्र सिंह कारीसोवा गांव पहुंचे। विधायक ने परिवार से मुलाकात कर दुख की इस घड़ी में अपनी संवेदना व्यक्त की और परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

बताते चलें कि कारीसोवा निवासी 24 वर्षीय रजनीश कुमार की 6 सितंबर को बक्सर के डुमरांव में पुलिस प्रशिक्षण के दौरान छत से गिरने के बाद मौत हो गई थी। इसके बाद उनका पार्थिव शरीर गांव लाया गया, जहां पुलिस जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें अंतिम विदाई दी थी। जवान की मौत के बाद से ही परिवार और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

विधायक वीरेंद्र सिंह ने शोकाकुल परिजनों से घटना की जानकारी ली और उनके दर्द को साझा किया। परिजनों ने विधायक के समक्ष रजनीश की मौत की परिस्थितियों को लेकर अपनी आशंकाएं भी रखीं। परिवार का कहना है कि उन्हें छत से गिरने की सूचना दी गई, लेकिन घटना को लेकर कई सवाल उनके मन में हैं। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

विधायक ने परिवार को भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में वे उनके साथ खड़े हैं और परिवार को नियमानुसार मिलने वाली सहायता एवं आवश्यक सहयोग दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।

इस मौके पर समाजसेवी ऋतुराज, मंडल अध्यक्ष विनय सिंह, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष संजय सिंह, चंदन सिंह, रविंद्र कुमार, मुखिया प्रतिनिधि विजय राजवंशी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत जवान के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और परिवार को इस दुख की घड़ी में साथ देने का भरोसा दिलाया।

रजनीश की असमय मौत ने पूरे गांव को झकझोर दिया है। परिवार आज भी उस सवाल के जवाब का इंतजार कर रहा है कि आखिर जवान की मौत की वास्तविक वजह क्या थी।

Most Popular

error: Content is protected !!