Friday, September 11, 2026
HomeBiharनाली का पानी घरों में घुसा, हुड़राही में बीमारी का खतरा

नाली का पानी घरों में घुसा, हुड़राही में बीमारी का खतरा

एक माह से घरों में घुसा है नाली का गंदा पानी
अधूरी नाली के कारण गलियों में फैल रहा जलजमाव

मच्छरों का बढ़ा प्रकोप, बीमारी फैलने की आशंका

प्रखंड विकास पदाधिकारी ने जल्द निजात दिलवाने का दिलाया भरोसा

प्रभाकर कुमार/वजीरगंज। प्रखंड मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम महुएत पंचायत अंतर्गत हुड़राही गांव में पिछले एक माह पूर्व से नाली का पानी घरों में घुसा हुआ है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जलजमाव के कारण पेयजल दूषित होने और मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है।

ग्रामीण मनोज कुमार सिंह, सुरेश कुमार सिंह, हरेंद्र सिंह, हंस कुमार, अमरेंद्र सिंह, मंजू देवी, मंटू देवी, शीला देवी, मधु देवी, सुधा देवी, रेखा देवी समेत अन्य ने बताया कि जलजमाव की समस्या करीब एक वर्ष से बनी हुई है। बारिश के बाद स्थिति और गंभीर हो जाती है। कई घरों के बेडरूम, रसोई और पूजा घर तक नाली का पानी पहुंच गया है। वहीं, जिन घरों में पानी नहीं घुसा है, वहां के लोगों को भी घर से बाहर निकलने के लिए नाली के गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, करीब एक वर्ष पहले गांव में नाली निर्माण शुरू हुआ था, लेकिन काम अधूरा छोड़ दिया गया। नाली के पानी की निकासी के लिए मुख्य मार्ग नहीं बनने के कारण पानी गलियों में फैल रहा है। निचले हिस्से में बने घरों में दीवार और नाली के रास्ते पानी प्रवेश कर रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि समस्या को लेकर स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ है। कुछ ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में भूमि को लेकर आपत्ति के बाद नाली का निर्माण रोक दिया गया था। हालांकि, अधिकांश ग्रामीणों के अनुसार नाली निर्माण के लिए पर्याप्त सरकारी जमीन उपलब्ध है। अंचल स्तर से जमीन की नापी कराकर विवाद का समाधान किया जा सकता है।

बीडीओ प्रभाकर सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की समस्या से वे अवगत हैं। अधूरी नाली योजना को पूरा कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। भूमि संबंधी विवाद के निष्पादन के लिए अंचलाधिकारी को नापी कराने के लिए लिखा जाएगा।
फोटो – वजीरगंज के हुड़राही में घर में घुसे पानी को दिखाते ग्रामीण एवं गृह स्वामी

Most Popular

error: Content is protected !!