बेलागंज। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर चाकंद थाना पुलिस की ओर से इन दिनों व्यापक स्तर पर वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई के साथ सरकारी राजस्व की भी वसूली की जा रही है। गुरुवार को भी थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पुलिस ने सघन वाहन जांच अभियान चलाया।
चाकंद थानाध्यक्ष शिवम कुमार ने बताया कि वरीय अधिकारियों के निर्देश पर लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के साथ सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और अनैतिक गतिविधियों पर रोक लगाना भी है। उन्होंने बताया कि पिछले एक सप्ताह के दौरान वाहन जांच से करीब 20 हजार रुपये की राजस्व वसूली की गई है। जांच के दौरान पुलिस टीम द्वारा दोपहिया और चारपहिया वाहनों के कागजात, हेलमेट और सीट बेल्ट आदि की जांच की जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। साथ ही वाहन चालकों को हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने तथा क्षमता से अधिक सवारी नहीं बैठाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
